जनता का भरोसा जीतें, पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाएं: एसएसपी अर्पण यदुवंशी…

देर रात थाना-चौकी और शाखा प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, अनुशासन व जवाबदेही पर दिया जोर

कोतवाली परिसर की पुलिस मैस का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने देर रात जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और स्थानीय चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी बिना किसी झिझक के अपनी बात और समस्या उनके सामने रख सकता है। कार्मिकों की समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा।

एसएसपी ने कहा कि नैनीताल प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना चाहिए। थाने, चौकी या पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनकर उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता का विश्वास जीतने और अधीनस्थ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर देते हुए कहा कि जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाएं। आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयास और पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।

पुलिस मैस की व्यवस्थाएं भी परखीं

समीक्षा बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए जहां आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है, वहीं पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और विभागीय अनुशासन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

बैठक में एसपी सिटी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जिले के समस्त थाना, चौकी और शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement
  • Related Posts

    नाबालिग से दुष्कर्म, फिर नवजात का सौदा! आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सकुशल बरामद…

    चंपावत में सनसनीखेज मामला, गर्भावस्था छिपाने के लिए तैयार कराए थे फर्जी दस्तावेज; न्यायालय परिसर के बाहर से दबोचा गया 54 वर्षीय आरोपी चंपावत। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती…

    आयुक्त दीपक रावत ने सरस मेले में की खरीदार,बढ़ाया महिलाओं का उत्साह, 51 किलो फूलों की होली ने मोहा मन…

    मेयर गजराज सिंह बिष्ट बोले- कुमाऊं मंडल का जलता दीपक है सरस मेला, लोक संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संगम हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 के पांचवें दिन शनिवार को मेले में…