भूकंप, आग, गैस रिसाव, सुरंग हादसे और भगदड़ जैसी परिस्थितियों का किया अभ्यास

पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने परखी तैयारियां
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को 14 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल शुरू की गई। इस दौरान भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट, रासायनिक पदार्थों के रिसाव, सुरंग में चट्टान टूटने और भगदड़ जैसी संभावित आपदाओं के कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत नैनीताल और रामनगर के जिला अस्पताल, हल्द्वानी का वॉक-वे मॉल, जमरानी बांध, लालकुआं की पेपर मिल, कैंचीधाम मंदिर सहित विभिन्न विद्यालयों में अलग-अलग आपदा परिस्थितियों का अभ्यास किया जा रहा है। उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय आईआरएस टीमों के नेतृत्व में संचालित अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व समेत तमाम विभागों की टीमें जुटी हैं।
अभ्यास के दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने, अस्पताल पहुंचाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता परखी जा रही है। पूरी गतिविधि की मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी भी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही अफवाहों को फैलने से रोकने में सहयोग करें।





