चंपावत में सनसनीखेज मामला, गर्भावस्था छिपाने के लिए तैयार कराए थे फर्जी दस्तावेज; न्यायालय परिसर के बाहर से दबोचा गया 54 वर्षीय आरोपी

चंपावत। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने और प्रसव के बाद जन्मी नवजात बच्ची को कथित तौर पर बेचने के सनसनीखेज मामले में चंपावत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही बेची गई नवजात बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
एसपी रेखा यादव ने बताया कि 25 अक्तूबर 2026 को पीड़िता के पिता ने रीठा साहिब थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम साल निवासी मदन सिंह बोहरा ने दिसंबर 2025 में उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। इस घटना के चलते बेटी गर्भवती हो गई। आरोप है कि पूरे मामले को छिपाने के लिए गर्भावस्था के दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए और प्रसव के बाद जन्मी नवजात बच्ची को बेच दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मदन सिंह बोहरा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी और नवजात की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार तलाश के बाद 27 नवंबर को मुख्य आरोपी मदन सिंह बोहरा (54) निवासी ग्राम साल, थाना रीठा साहिब को चंपावत न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कथित तौर पर बेची गई नवजात बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





