मेयर गजराज सिंह बिष्ट बोले- कुमाऊं मंडल का जलता दीपक है सरस मेला, लोक संस्कृति और आत्मनिर्भरता का संगम

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला-2026 के पांचवें दिन शनिवार को मेले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में 51 किलो फूलों से खेली गई फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे।
आयुक्त दीपक रावत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत रायकोट कुंवर के ऋषेश्वर बाबा स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर पहुंचे। यहां उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार तड़का पैन, पहाड़ी चावल सहित अन्य उत्पादों की खरीदारी की। आयुक्त से खरीदारी मिलने पर स्टॉल संचालिका अलका राज और आरती ने खुशी जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे समूह की महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।
इस दौरान आयुक्त ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भागीदारी की और सुप्रसिद्ध कुमाऊनी गीत ‘लाल चुन्नी थल की बाजारा’ प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।
सरस मेला कुमाऊं का जलता दीपक : मेयर
कार्यक्रम में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने सरस मेले की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला कुमाऊं मंडल का जलता हुआ दीपक है, जो ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की रोशनी चारों ओर फैला रहा है। सरस मेला केवल व्यापार का मंच नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का जीवंत उत्सव भी है। आयुक्त के आग्रह पर मेयर ने शायरी सुनाकर भी दर्शकों का मनोरंजन किया।
51 किलो फूलों की होली ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में सूचना विभाग में पंजीकृत आंचल कला केंद्र, हल्द्वानी के कलाकारों ने 51 किलो फूलों से भव्य फूलों की होली की प्रस्तुति दी। ‘कान्हा मोहे ऐसो बनायो मोर, नाचूं ता ता थई थई’ गीत पर कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद सुप्रसिद्ध कुमाऊनी गायक ललित मोहन जोशी ने ‘हल्द्वानी में गाड़ी चली शुरू-शुरू’ और ‘रानीखेत बै भर्ती हेयु रेजीमेंट कुमाऊं, 18 उम्र में मेरू छुट्टी गए मेरा गांव’ जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में राज्य दर्जा मंत्री नवीन वर्मा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक राहुल सिंह डांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।





