बोर नदी के जंगल में ताबड़तोड़ फायरिंग,तीन बाइक छोड़ भागे तस्कर…

सागौन के गिल्टों से लदी तीन बाइक छोड़कर अंधेरे में फरार हुए तस्कर, वन दरोगा बाल-बाल बचे

बाजपुर। बरहैनी रेंज के अंतर्गत बोर नदी के समीप शुक्रवार देर रात वन तस्करों और वन विभाग की एसओजी टीम के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 70 से 80 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरा जंगल गोलियों की आवाज से गूंज उठा। वन विभाग की जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर सागौन की लकड़ी के गिल्टों से लदी तीन बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात वन विभाग एसओजी प्रभारी कैलाश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में टीम बरहैनी रेंज के बोर नदी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम का सामना जंगल में लकड़ी की तस्करी कर रहे लोगों से हो गया। वन कर्मियों को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वन विभाग की टीम भी सतर्क हो गई और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

बताया जा रहा है कि तस्करों की ओर से करीब 40 से 45 राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि वन विभाग की टीम ने जवाब में लगभग 30 से 35 राउंड फायरिंग की। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के बीच तस्करों ने खुद को घिरता देख मौके से भागने में ही भलाई समझी। वे सागौन के गिल्टों से लदी तीन बाइक छोड़कर अंधेरे में जंगल की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के उच्चाधिकारी रक्षक दल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तीनों बाइकों को कब्जे में लेकर सागौन की लकड़ी बरामद कर ली। वन विभाग की टीमें अब फरार तस्करों की तलाश में जुटी हैं। जंगल में हुई इस मुठभेड़ के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।

Advertisement
  • Related Posts

    उत्तराखंड में IAS और PCS अधिकारियों के तबादले,अंशुल सिंह होंगे नए जिलाधिकारी नैनीताल,देखें लिस्ट…

    देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और राज्य सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए…

    28 नवंबर को हल्द्वानी में होगा दुग्ध संघ का 77वां अधिवेशन, तैयारियों को लेकर अध्यक्ष मुकेश बोरा अलर्ट

    हल्द्वानी। दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार, 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित बैंक्वेट…