उधमसिंहनगर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण उड़ाने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों की बड़ी खेप बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को कृष्णा कॉलोनी निवासी विजय कुमार प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 28 अगस्त को परिवार के साथ अयोध्या गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी और संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाले दो युवक पंचवटी स्टेट के पास चोरी के जेवर बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने रक्षाबंधन के दूसरे दिन कृष्णा कॉलोनी की खजूर वाली गली में बंद मकान का ताला तोड़कर रात में चोरी करने की बात कबूल की।
जेवरों की लंबी लिस्ट देख पुलिस भी रह गई हैरान
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का हार, मांगटीका, मंगलसूत्र, सोने की चैन मय लॉकेट, झुमके, चार सोने की अंगूठियां और नथ समेत चांदी का ब्रेसलेट, सिक्के, पायल, बिछिया, चैन, कमरबंद और पायजन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय सुनील राजपूत निवासी कृष्णा कॉलोनी और 23 वर्षीय विश्वजीत मंडल निवासी सौरभ नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 305(ए)/3(5)/331(4)/317(2) बीएनएस की धाराएं बढ़ाते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।






