दस्तावेज और वैध अनुमति नहीं दिखा सके संचालक, संयुक्त टीम ने मौके पर की कार्रवाई
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने इंदिरा नगर बड़ी रोड और शनि बाजार रोड स्थित दो और मदरसों को सील कर दिया। जांच के दौरान दोनों संस्थानों के संचालक संचालन से संबंधित आवश्यक वैध अनुमति और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही सीलिंग की कार्रवाई की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों संस्थानों का निरीक्षण किया। टीम सबसे पहले इंदिरा नगर बड़ी रोड स्थित मदरसा रमजान ऑर्गेनाइज़ेशन पहुंची। यहां अधिकारियों ने संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अनुमति पत्रों की जांच की। इसके बाद टीम ने शनि बाजार रोड स्थित मदरसा जामिया नूरिया बरकतें ए आमिना का निरीक्षण किया।
दोनों स्थानों पर संचालकों से आवश्यक अनुमति पत्र और अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन जांच के दौरान वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद प्रशासन ने दोनों मदरसों को सील कर दिया।
पहले भी दो मदरसों पर हो चुकी कार्रवाई
बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन की यह कार्रवाई पहली नहीं है। इससे पहले भी बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे दो मदरसों को सील किया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य मदरसों और शैक्षणिक संस्थानों के दस्तावेजों की जांच को लेकर भी हलचल बढ़ गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित संस्थानों की जानकारी सामने आने के बाद जांच अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित नियमों और आवश्यक अनुमति के बिना संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड भंग किया जा चुका है। वर्तमान व्यवस्था में मदरसों के संचालन के लिए शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। प्रशासन अब ऐसे संस्थानों के दस्तावेजों की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने की तैयारी में है।






