– राजपुरा में देर रात बाइक सवार नकाबपोशों के उत्पात की सूचना, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
– पुलिस ने फायरिंग की बात को अफवाह बताया, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर विवाद की जांच में जुटी
हल्द्वानी। शहर के राजपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात जुए की फड़ पर विवाद के बाद हंगामे की सूचना से इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों के बीच बाइक सवार नकाबपोशों के तलवार और लाठी-डंडे लहराते हुए घूमने तथा फायरिंग किए जाने की चर्चाएं फैल गईं। देखते ही देखते मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की सूचना को अफवाह बताया है और पूरे घटनाक्रम की अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी ध्रुव कश्यप के अनुसार, देर रात कई बाइकों पर सवार होकर आए करीब 50 से 60 लोगों ने क्षेत्र में कथित तौर पर जमकर उत्पात मचाया। उनके हाथों में तलवारें और लाठी-डंडे होने की बात भी सामने आई। बताया गया कि विवाद की शुरुआत जुए की एक फड़ पर हुई थी, जिसके बाद मामला बढ़ता चला गया। घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। फायरिंग की बात सामने आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बनने की भी चर्चा है।
पुलिस बोली- फायरिंग की सूचना अफवाह
मामले में पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में झगड़े की सूचना मिली थी, लेकिन फायरिंग किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
फिलहाल, तलवारें लहराने और फायरिंग से जुड़ी चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि देर रात हुए विवाद में वास्तव में क्या हुआ था और इसमें कौन-कौन शामिल था।






