कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी-निजी स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद; डीएम ने जारी किया आदेश
हल्द्वानी। मौसम विभाग की भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल जिले में सोमवार 7 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग ने 7 सितंबर को जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज से अति तेज बारिश और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली की आशंका जताई है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
डीएम के आदेश के अनुसार जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 7 सितंबर को बंद रहेंगे। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर के ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे, जहां छात्रों के लिए पढ़ाई और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






