हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र की युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कैनाल रोड निवासी विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसके ताऊ के बेटे का दोस्त था और बीमारी के दौरान उसने नजदीकियां बढ़ाकर शादी का भरोसा दिया। इसके बाद आरोपी उसे अयोध्या ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में आरोपी को किसी अन्य युवती के साथ पकड़ने पर उसने पीड़िता को कार से कुचलने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






