77वें वार्षिक अधिवेशन में 295.52 करोड़ का बजट पास, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों और कर्मचारियों को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। शनिवार को पीलीकोठी स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में यह घोषणा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष के लिए 295.52 करोड़ रुपये का बजट भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ दुग्ध व्यवसाय को मजबूत करना है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप फरवरी से खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि लागू की जाएगी।
अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों, दुग्ध विक्रेताओं और कर्मचारियों को 6,50,850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष पशुपालकों के अलावा आठ विकासखंडों के उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों, बिंदुखत्ता क्षेत्र के पशुपालकों, दस समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलती है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी और मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित जनप्रतिनिधि और दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया।





