23 नवंबर से कार्य बहिष्कार पर हैं जवान, 30 नवंबर को देहरादून में होने वाली महारैली में शामिल होंगे

हल्द्वानी। समान कार्य के लिए समान मानदेय और वर्षभर रोजगार की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। शनिवार शाम प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले हल्द्वानी विकासखंड के पीआरडी जवानों ने कैंडल जलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जवानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग उठाते हुए सरकार के प्रति रोष जताया।
जवानों ने कहा कि वे लंबे समय से समान कार्य के लिए समान मानदेय और पूरे वर्ष रोजगार दिए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विरोध में हल्द्वानी विकासखंड के सभी पीआरडी जवान 23 नवंबर से कार्य बहिष्कार पर हैं। जवानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में हर सिंह दानू, दीप चन्द्र, मुकेश, भुवन चन्द्र, संतोष बिलाल, उमा देवी, भगवती पांडे, दीया देवी, उमेश सुयाल, रोशन सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे। जवानों ने बताया कि 30 नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित महारैली में भी नैनीताल जिले के जवान बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करेंगे।





