चमोली। नंदानगर ब्लॉक के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मेला मैदान स्थित मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में 12वीं कक्षा का छात्र और 11वीं कक्षा की छात्रा शामिल है।
सुबह ग्रामीणों की नजर मेला मैदान के मंच पर पड़ी तो दोनों के शव रेलिंग/एंगल से लटके दिखाई दिए। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। दोनों छात्रों की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना से गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






