हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। इंटर्न डॉक्टर वर्तमान में मिल रहे ₹17 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग पर अड़े हैं।
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में ₹17 हजार का स्टाइपेंड बेहद कम है। अन्य राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को मिलने वाले स्टाइपेंड की तुलना में भी उत्तराखंड में दी जा रही राशि कम है। डॉक्टरों के मुताबिक मांग को लेकर शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहले भी कई बार पक्ष रखा गया, लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का निर्णय लिया गया।
हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और विभागीय नियमित ड्यूटी समेत अपनी निर्धारित इंटर्नशिप सेवाओं से अलग रहेंगे। हालांकि आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा गया है, ताकि इमरजेंसी मरीजों को परेशानी न हो।
इंटर्न डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक ₹30 हजार मासिक स्टाइपेंड किए जाने का सकारात्मक और लिखित निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की नजर शासन और स्वास्थ्य विभाग के रुख पर टिकी है। समाधान में देरी होने पर अस्पताल की नियमित चिकित्सकीय सेवाओं पर असर बढ़ने की आशंका है।






