दिनेशपुर में मामूली विवाद पर वारदात, एक युवक के गले में आए 24 तो दूसरे के पेट और गले में 18 टांके
ऊधमसिंहनगर। मामूली विवाद में रास्ता रोककर दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को दिनेशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। एक युवक के गले में 24 टांके आए, जबकि दूसरे के पेट और गले में कुल 18 टांके लगाने पड़े।
पुलिस के मुताबिक,19 नवंबर की रात वार्ड नंबर तीन दुर्गा कॉलोनी निवासी अभिषेक बाछाड़ अपने दोस्त शुभम मंडल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुपर मार्केट के पास वार्ड नंबर एक निवासी अंशू, वार्ड नंबर दो निवासी कमल राणा और वार्ड नंबर छह निवासी अनुज राय ने मामूली विवाद को लेकर दोनों का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और उनके गले पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एसपी सिटी और सीओ पंतनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- अंशू पुत्र हीरा सिंह, निवासी वार्ड नंबर एक, दिनेशपुर।
- कमल राणा पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर दो, दिनेशपुर।
- अनुज राय पुत्र दीपक राय, निवासी वार्ड नंबर छह, दिनेशपुर।





