बालिका वर्ग में गुरुकुल को 28-26 से हराया, बालक वर्ग में एसकेएम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 57-23 से दी शिकस्त
हल्द्वानी। इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरविद्यालयी बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शनिवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मेजबान इंस्पिरेशन स्कूल और बालक वर्ग में एसकेएम स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला इंस्पिरेशन स्कूल और गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया। इसमें इंस्पिरेशन स्कूल ने कड़े संघर्ष के बाद गुरुकुल को 28-26 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में एसकेएम स्कूल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल को 57-23 के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बालिका वर्ग में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल और बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
सेमीफाइनल में भी दिखाया दम
प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में इंस्पिरेशन स्कूल ने ऑरम द ग्लोबल स्कूल को 32-17 से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल ने सेंट लॉरेंस को 44-35 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने इंस्पिरेशन स्कूल को 55-42 से हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में एसकेएम स्कूल ने गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल को 55-23 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
इन खिलाड़ियों को मिले विशेष पुरस्कार
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल की मानवी उपाध्याय और बालक वर्ग में एसकेएम स्कूल के हर्ष कार्की को मोस्ट इमर्जिंग प्लेयर चुना गया। बेस्ट शूटर का खिताब बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल की उषा पाठक और बालक वर्ग में एसकेएम के चेतन नेगी को मिला। वहीं मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर बालिका वर्ग में इंस्पिरेशन स्कूल की गीतिका राठौर और बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल के भूपेश सिंह रहे।
समापन समारोह में पीएसए अध्यक्ष कैलाश भगत, वीबी नैनवाल, समित टिक्कू, राधा ऐठानी, अनिल जोशी, सुनील जोशी, विवेक अग्रवाल, ऋषभ जोशी, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया, आयुषी बल्यूटिया, उपप्रधानाचार्य ममता तनेजा, कोऑर्डिनेटर प्रियंका शर्मा, मनोज बल्यूटिया और भावना ताकुली सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
अंत में प्रबंधक डॉ. दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





