रुद्रपुर। शहर में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंची पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम एक युवक को अपने साथ ले जाने लगी। हरियाणा नंबर की गाड़ी और पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट न होने पर स्थानीय लोगों को अपहरण का शक हुआ। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और लोगों ने टीम से पूछताछ शुरू कर दी।
मामला गाबा चौक फ्लाईओवर के नीचे काजल मार्बल के पास का है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को शिमला पिस्तौर निवासी रजनीश की तलाश थी। टीम ने उसे भूरारानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया और अपने साथ लेकर गाबा चौक पहुंची। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों और बाहरी नंबर की गाड़ी को देखकर लोगों ने युवक को जबरन ले जाने का विरोध किया। हालांकि, टीम की पहचान स्पष्ट होने के बाद लोगों का संदेह दूर हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिस टीम युवक को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। बाद में पश्चिम बंगाल पुलिस युवक को लेकर रुद्रपुर कोतवाली पहुंची।





