नैनीताल। मल्लीताल में आईजी कार्यालय के बेहद करीब रविवार देर रात सड़क पर हुए विवाद ने नैनीताल की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक की डंडे से पिटाई होती नजर आ रही है। संवेदनशील इलाके में देर रात हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि देर रात एक न्यायिक अधिकारी का वाहन मल्लीताल क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद युवक की कथित टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ। वाहन चालक युवक को समझाने के लिए नीचे उतरा, लेकिन मामला शांत होने के बजाय तूल पकड़ गया। वाहन में मौजूद सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंचा।
इसी बीच आरोप है कि वाहन चालक ने गाड़ी से डंडा निकाला और युवक की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आईजी कार्यालय जैसे संवेदनशील इलाके के पास देर रात विवाद इतना बढ़ गया और पुलिस को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी? स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में रात के समय पुलिस गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।






