एक श्रमिक घायल, निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से गिरा मलबा; मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई
भीमताल। मेहरा गांव में गुरुवार को रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब श्रमिक दीवार का बेस तैयार कर रहे थे। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन श्रमिक दब गए। इनमें दो की मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी भीमताल भेजा गया।
हादसे की सूचना पर एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और भीमताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुटी रही।
मृतकों की पहचान गौरी देवी (38), पत्नी महेंद्र, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा (18), पुत्र दीपक थापा के रूप में हुई है। घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों श्रमिक मूल रूप से राजापुर, नेपाल के निवासी बताए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन समेत अन्य पहलुओं की जांच के साथ संबंधित मालिक और ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






