देहरादून। तंत्र-मंत्र, वशीकरण और ज्योतिषीय उपायों से समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का देहरादून पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया है। ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत पटेलनगर पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को तांत्रिक, ज्योतिषाचार्य और वशीकरण विशेषज्ञ बताकर लोगों को जाल में फंसाते थे। प्रारंभिक पूछताछ में 100 से अधिक लोगों से ठगी किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात सूचना मिलने पर चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापा मारकर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। उनकी पहचान शाहरुख (26) निवासी मुजफ्फरनगर और सलमान (24) निवासी शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों करीब डेढ़ महीने से किराये पर रह रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर आकर्षक दावे कर लोगों से संपर्क करते और उनकी पारिवारिक व अन्य समस्याएं दूर करने के नाम पर रकम वसूलते थे। पुलिस का आरोप है कि ठगी की रकम के लेन-देन के लिए कथित फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए थे। आरोपियों ने अपने अलावा दिलनवाज और मोहम्मद भूरा के नाम से भी कथित फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे।
आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक मतदाता पहचान पत्र, दो भरे हुए चेक, एक जियो सिम, एक मेट्रो कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अब बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और ठगी के अन्य मामलों की जांच कर रही है।
मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 753/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वशीकरण और चमत्कारी उपायों से समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं और किसी को भी पैसे देने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।






