सिंहधार वार्ड में तड़के तीन बजे मची चीख-पुकार, गंभीर घायलों को हायर सेंटर भेजा; वन विभाग की गैरमौजूदगी पर फूटा लोगों का गुस्सा
जोशीमठ। सीमांत नगर जोशीमठ के सिंहधार वार्ड में भालू के हमले ने लोगों की दहशत बढ़ा दी है। मंगलवार देर रात करीब तीन बजे भालू ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक गाय भी घायल हुई है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग देर रात अपने घर में थे, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद सिंहधार वार्ड समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भालू की सक्रियता से लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। वहीं, घटना के दौरान वन विभाग की मौजूदगी न होने से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोग वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने और भालू की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
एक ही परिवार के चार लोगों पर हमले की इस घटना ने जोशीमठ में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को फिर उजागर कर दिया है। अब लोगों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।






