पटाखों जैसी धमाकेदार आवाजों से दहला इलाका, NH-109 पर थमा यातायात
नैनीताल। नैनीताल के ज्योलीकोट में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर मंगलवार तड़के दिवाली के सामान से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में लदा पेंट, खाद्य सामग्री, वाशिंग मशीन और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग के दौरान पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई देने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से अल्मोड़ा के द्वाराहाट जा रहे ट्रक को दीप सिंह बिष्ट चला रहे थे। ट्रक ज्योलीकोट के पास पहुंचा ही था कि तड़के अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में लदा सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय निवासियों, पुलिसकर्मियों और दमकल टीम ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
ट्रक में आग लगने के कारण हाईवे पर दोनों ओर यातायात बाधित रहा। आग बुझाने और बचाव कार्य के बाद यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की गई। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।






