22 हजार घरों को मिले कनेक्शन, 14 ओवरहेड टैंकों से बढ़ेगी जल भंडारण क्षमता; छह क्षेत्रों में सप्लाई का ट्रायल सफल
हल्द्वानी। शहर की लाखों की आबादी को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए एडीबी (ADB) और यूयूएसडीए (UUSDA) परियोजना के तहत पेयजल नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। परियोजना के तहत अब तक 464 किलोमीटर नई पेयजल लाइन बिछाने और करीब 22 हजार घरों को कनेक्शन देने का काम पूरा हो चुका है। वहीं छह क्षेत्रों में नए नेटवर्क से पानी की आपूर्ति का ट्रायल भी सफल रहा है। जल्द ही इन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति शुरू की जाएगी।
परियोजना के तहत शहर में 14 ओवरहेड टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें चार टैंक बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 का निर्माण जारी है। सभी टैंकों के तैयार होने पर करीब 150 लाख लीटर पानी की भंडारण क्षमता विकसित होगी। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के लिए नलकूपों की बोरिंग का काम भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 10 नलकूप तैयार हो चुके हैं, जबकि शेष पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए परियोजना को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। नए नेटवर्क, ओवरहेड टैंक और नलकूपों के तैयार होने से शहर की बढ़ती आबादी को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। परियोजना के शेष कार्य पूरे होने के बाद लंबे समय से पेयजल किल्लत झेल रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





