नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने गिनाईं प्राथमिकताएं, महिला सुरक्षा और पर्यटकों-श्रद्धालुओं को जाम से निजात दिलाने का भी प्रयास
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी ने अपनी प्राथमिकताएं और भावी कार्ययोजना स्पष्ट कर दी है। उन्होंने नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। इसके साथ ही नैनीताल, हल्द्वानी और कैंची धाम आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाकर सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि नैनीताल केवल एक सामान्य जनपद नहीं, बल्कि कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। इसकी भौगोलिक, पर्यटन और सामरिक महत्ता को देखते हुए कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन को धरातल पर उतारने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए पीआईटी एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एएनटीएफ और एसओजी को और अधिक मजबूत कर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रखने का भी प्रयास किया जाएगा।
साइबर अपराधों को लेकर उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर विशेष फोकस रहेगा। साइबर अपराधियों तक पहुंचने और ठगी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। साइबर सेल को आधुनिक उपकरणों और विशेष प्रशिक्षण से सशक्त किया जाएगा। वहीं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में कठोर कार्रवाई के साथ पर्यटक और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पीड़ितों को केंद्र में रखकर मामलों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने कहा कि नैनीताल, हल्द्वानी और कैंची धाम समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रबंधन बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय व्यापार और आजीविका को भी प्रोत्साहित करना जरूरी है।
अपराध नियंत्रण के साथ अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। मजबूत और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर विवेचनाओं को समयबद्ध पूरा किया जाएगा, ताकि अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, सतर्क निगरानी और जनसहभागिता के जरिए कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
एसएसपी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नैनीताल आने वाला प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाए। युवाओं को नशे से बचाना, आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना, महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।





