मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद, घर में घुसकर परिवार पर किया था हमला; लीलाधर की हुई थी मौत

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर में घुसकर परिवार के लोगों पर चाकू से हमला करने और एक व्यक्ति की हत्या के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से दबोचा। वहीं, मामले में नामजद अन्य चार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद विनोद कश्यप अपने साथियों के साथ रेशमबाड़ी निवासी राम अवतार के घर पहुंच गया। यहां आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर, राहुल और अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में कई लोग घायल हो गए। सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल का उपचार किया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची रुद्रपुर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा, चोट पहुंचाने और गाली-गलौज समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार 27 नवंबर को बागवाड़ा मंडी के सामने से सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18) निवासी रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19) निवासी दूधियानगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।





