गैस गोदाम रोड और आरटीओ रोड को जोड़ने वाले लिंक मार्ग की सुधरी हालत
हल्द्वानी। शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एडीबी सहायतित यूयूएसडीए परियोजना के तहत विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 43 की प्रेमानंद कॉलोनी, दिव्य रतन छड़ायल में करीब 400 मीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सड़क पर बीएम (बिटुमिनस मैकाडम) की परत बिछाई जा रही है। कार्य के आज पूरा होने की संभावना है।
यह सड़क गैस गोदाम रोड और आरटीओ रोड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके खराब होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड के हजारों लोगों को राहत मिलने के साथ ही आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
यूयूएसडीए परियोजना के तहत हल्द्वानी में सड़कों के सुधार और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और लंबे समय से बनी सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान करना है। प्रेमानंद कॉलोनी में सड़क पुनर्निर्माण पूरा होने से स्थानीय क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।






