हल्द्वानी। साइबर ठगों ने शहर में एक बैंक खाताधारक को निशाना बनाकर तीन यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 83,999 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित को 10 अक्तूबर को तीन अलग-अलग लेनदेन में चपत लगाई गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम ठगी की रकम के लेनदेन और उससे जुड़े खातों की पड़ताल कर रही है।
भोटिया पड़ाव निवासी प्रवीण टोलिया पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारक हैं। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 10 अक्तूबर को उनके बैंक खाते से तीन बार यूपीआई के माध्यम से रकम निकाली गई। पहली बार 30 हजार रुपये, दूसरी बार 29 हजार रुपये और तीसरी बार 24,999 रुपये का लेनदेन हुआ। इस तरह उनके खाते से कुल 83,999 रुपये निकल गए।
खाते से रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है। ठगी की रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई है, उन्हें फ्रीज करा दिया गया है। पुलिस अब लेनदेन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।






