हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में प्रेमिका के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार रात हुई इस घटना से होटल में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि युवक के साथ मौजूद युवती से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तबीयत बिगड़ने से कुछ समय पहले युवक ने शक्ति वर्धक गोली खाई थी। हालांकि, युवक की मौत इसी वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले में युवती से पूछताछ की गई है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।






