27 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, राहुल गांधी पर मुकदमे को बताया एकतरफा
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर हल्द्वानी की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। शनिवार को महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य चंद्रकांत हंडोरे हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सीओ हल्द्वानी से मुलाकात की और एसएसपी नैनीताल के नाम पत्र सौंपकर कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों एवं संगठनों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की।
हंडोरे ने अपने पत्र में 8 अगस्त 2026 को रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को गंभीर और निंदनीय घटना बताया। कांग्रेस सांसद का आरोप है कि यह कृत्य छुआछूत की मानसिकता को दर्शाता है और संविधान के अनुच्छेद 17 के साथ-साथ SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत गंभीर मामला बनता है।
‘27 दिन बीते, फिर भी FIR नहीं’
कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि घटना के 27 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों और संगठनों के खिलाफ अब तक FIR दर्ज क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस मामले को संसद में भी उठाया जा चुका है और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
राहुल गांधी पर FIR को बताया एकतरफा
हंडोरे ने आरोप लगाया कि वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई। उन्होंने इसे एकतरफा और अन्यायपूर्ण कार्रवाई बताते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से SC/ST समेत समाज के विभिन्न वर्गों में आक्रोश है। कांग्रेस सांसद ने SSP नैनीताल से मांग की कि कथित शुद्धिकरण प्रकरण में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ SC/ST एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में तत्काल FIR दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुकदमा वापस नहीं हुआ तो राष्ट्रपति तक जाएगा मामला
हंडोरे ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो SC/ST वर्ग से जुड़े कांग्रेस सांसद राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएंगे।
इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर कांग्रेस पहले से ही लगातार कार्रवाई की मांग कर रही है। ऐसे में राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे के हल्द्वानी पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को पत्र सौंपने के बाद यह विवाद एक बार फिर हल्द्वानी की सियासत के केंद्र में आ गया है।






