रामनगर। ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खताड़ी क्षेत्र में फायरिंग के मामले में वांछित 21 वर्षीय आरोपी हर्षित कोहली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को अयान ने रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर खताड़ी क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की शिकायत की थी। मामले में FIR संख्या 252/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के जरिए कार्रवाई करते हुए चौधरी ढाबा, पीरूमदारा से काशीपुर की ओर बंद पड़े हॉट मिक्स प्लांट के पास से हर्षित कोहली को दबोच लिया। तलाशी में तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिलने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, वाहन लूट, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






