भीमताल। कोतवाली भीमताल क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने उनके सोने के टॉप्स लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को शक्तिफार्म, सितारगंज से दबोचा। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को भौर्सा गांव की करीब 70 वर्षीय महिला को बाइक सवार युवकों ने लिफ्ट देने की बात कहकर अपने साथ बैठाया। रास्ते में आरोपियों ने महिला के कानों से सोने के कुंडल/टॉप्स लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मामले में पूर्व ग्राम प्रधान भुवन चंद्र पलड़िया की तहरीर पर कोतवाली भीमताल में FIR संख्या 38/26, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी क्राइम/नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हल्द्वानी क्षेत्र में भी कई स्थानों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इसके बाद 31 अगस्त 2026 को सुजीत दास (27) और कुन्दन विश्वास (22), दोनों निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया पीली धातु का टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK06BJ6150 बरामद की है।






