हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। सैकड़ों लोगों ने राजपुरा पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तस्करों के कथित अड्डों तक पहुंचकर हल्ला बोलते हुए नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रीति आर्या ने कहा कि स्मैक, चरस और अवैध शराब के बढ़ते कारोबार से क्षेत्र के युवा और कई परिवार बर्बादी की ओर जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के बजाय खानापूर्ति की जा रही है।
कांग्रेस नेता हेमंत साहू और पार्षद धर्मवीर ने कहा कि पुलिस की कथित निष्क्रियता के चलते नशा कारोबारियों के हौसले बढ़ रहे हैं। वहीं पूर्व सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान और पूर्व रामलीला कमेटी अध्यक्ष त्रिलोक बनौली ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध ठिकानों को चिन्हित कर छापेमारी करने, कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की। प्रदर्शन में पंडित हरिप्रसाद, अरविंद वाल्मीकि, मधु कश्यप, माया कश्यप, भविष्य रावत, अशोक पांडे, दीपक आर्या, प्रकाश आर्या समेत कई लोग मौजूद रहे।






