नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 2 सितंबर को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के बीच जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए 2 सितंबर (बुधवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
हालांकि, नैनीताल शहर के ऐसे आवासीय विद्यालय इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






