महिला बॉक्सिंग टीम ने हासिल किया तीसरा स्थान, आर्म कुश्ती और कुश्ती में भी शानदार प्रदर्शन—एसएसपी ने दी बधाई
रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026 में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 17 से 19 अगस्त तक चली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने कई स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए। वहीं महिला बॉक्सिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ और जीआरपी की कुल 15 टीमों के 161 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में आईजी कुमाऊं रेंज नैनीताल श्रीमती निवेदिता कुकरेती और प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं ऊधमसिंहनगर के एसएसपी अजय गणपति ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
कुश्ती और आर्म कुश्ती में दिखाया दम
नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने आर्म कुश्ती में शानदार प्रदर्शन किया। संजय सिंह ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि त्रिलोक सिंह ने 90 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में भारती ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया।
कुश्ती में भी नैनीताल पुलिस का दबदबा देखने को मिला। रवि राणा ने 55 किलोग्राम और कृष्णा कुमार ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीते। महिला वर्ग में म०कां० आरती ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
बॉक्सिंग में दिव्या डांगी बनीं विजेता
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस की दिव्या डांगी ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा नैनीताल पुलिस की महिला बॉक्सिंग टीम ने सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
बॉडी बिल्डिंग में भी नैनीताल पुलिस के रवि राणा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से नैनीताल पुलिस टीम में उत्साह का माहौल रहा।
एसएसपी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
नैनीताल के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिसिंग के साथ-साथ खेलों में भी टीम पूरी मजबूती के साथ अपनी पहचान बना रही है।






