ऊधमसिंहनगर पुलिस और हिमाचल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खुला मामला, लाखों के आभूषण व नगदी बरामद
रुद्रपुर। शिमला में हुई चोरी के मामले की जांच के दौरान ऊधमसिंहनगर पुलिस और हिमाचल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आबकारी कर्मियों की गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई। आरोप है कि शिमला से चोरी कर नेपाल ले जाई जा रही बहुमूल्य संपत्ति को रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान बरामद किए जाने के बाद इन कर्मियों ने अपने पास रख लिया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर चोरी के मामले से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद की है।
थाना सदर शिमला में 8 सितंबर 2026 को FIR संख्या 117/2026 के तहत BNS की धारा 306 में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। चोरी में नकदी, सोने-हीरे के आभूषण, घड़ियां और अन्य कीमती सामान शामिल था। जांच में करिश्मा नाम की एक नेपाली महिला समेत कुछ संदिग्धों की भूमिका सामने आई।
हिमाचल पुलिस के सहयोग के अनुरोध पर SSP ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में पंतनगर व रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज, स्थानीय सूचना, मैनुअल पुलिसिंग और संदिग्धों के आवागमन की पड़ताल में सामने आया कि संदिग्ध नेपाली व्यक्ति शिमला से दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर रवाना हुए थे।
जांच में पता चला कि 8 सितंबर को करीब 11 बजे उक्त कार को रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर रोका गया था। वाहन और सामान की चेकिंग के दौरान चोरी की संपत्ति बरामद होने की बात सामने आई। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बलजीत सिंह, नईम, पप्पू लाल और देवेंद्र कुमार को आरोपी बनाया।
पुलिस के अनुसार चारों को 20 सितंबर की रात हिमाचल पुलिस और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से शिमला चोरी प्रकरण से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद हुई है। गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़ी आगे की वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है।
SSP अजय गणपति के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई बताया है।






