पेट में लगी गोली, दिल्ली रेफर; पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र के ग्राम गुलजारपुर में खेत में हुए आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली लग गई। पेट के निचले हिस्से में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गुलजारपुर निवासी गुरवीर सिंह (22) पुत्र गुरमेज सिंह को शनिवार सुबह करीब नौ बजे खेत में हुए आपसी विवाद के दौरान गोली लग गई। गोली उसके पेट के निचले हिस्से में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे चामुंडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
उधर, घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल हरेंद्र चौधरी और एसएसआई नवीन बुधानी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि युवक को गोली कैसे लगी और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस को अभी तक कोई तहरीर भी नहीं मिली है।







