रामनगर। कोतवाली रामनगर में पहुंचकर हंगामा करना और सरकारी काम में बाधा डालना युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने थाने में उत्पात मचाने और पुलिसकर्मियों के काम में व्यवधान डालने के आरोप में यूट्यूबर बिरजू मयाल निवासी कोटाबाग को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को बिरजू मयाल (36) पुत्र उमेद मयाल अचानक कोतवाली रामनगर पहुंचा और थाना कार्यालय में हंगामा करने लगा। आरोप है कि उसने वहां रखे सरकारी रजिस्टरों को इधर-उधर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक वह शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, मेडिकल के दौरान भी उसने चिकित्सक के साथ अभद्रता करते हुए हंगामा किया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे दोबारा कोतवाली लाया गया, जहां उसने फिर उत्पात शुरू कर दिया और पुलिस के सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
मामले में पुलिस ने एफआईआर संख्या 292/2026 दर्ज करते हुए धारा 121, 221, 352, 351(2) और 132 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। इसके बाद पुलिस ने बिरजू मयाल को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।






