हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश का पुलिस का दावा
रामनगर। दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर रामनगर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मुरादाबाद जिले के बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को खताड़ी निवासी उवेश से हुआ था। आरोप है कि शादी में दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष बुलेट और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, दहेज और पारिवारिक मामलों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवेचना में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, विवाद के दौरान कोहिनूर के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को दुपट्टे से पंखे पर लटकाने का प्रयास किए जाने का आरोप है। पुलिस ने एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम को एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।






