कादिर गिरफ्तार, 114 सिम और 77 एंटीना बरामद; बांग्लादेशी शाहिद से संपर्क और हर माह 50 हजार रुपये मिलने का खुलासा
रुद्रपुर। विदेशी साइबर अपराधियों की कॉल को भारतीय मोबाइल नंबरों के जरिए सामान्य कॉल में तब्दील कराए जाने के मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया। साइबर थाना पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं ने बाजपुर में दबिश देकर इस नेटवर्क से जुड़े कादिर को गिरफ्तार किया है। उसके किराये के कमरे से मिले उपकरणों ने पूरे मामले की गंभीरता बढ़ा दी। पुलिस ने मौके से 32-स्लॉट सिम बॉक्स, 114 एयरटेल सिम, 77 एंटीना, इंटरनेट राउटर, नेटवर्क केबल, एडाप्टर, मीडिया कन्वर्टर और सैमसंग मोबाइल बरामद किया है।
मामले की जांच उस समय शुरू हुई जब संचार मंत्रालय से पुलिस को 72 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली। इन नंबरों की पड़ताल के दौरान पुलिस एक सिम विक्रेता तक पहुंची। पूछताछ में सामने आए सुराग के आधार पर कादिर का नाम सामने आया। आरोप है कि वह अलग-अलग लोगों के दस्तावेजों पर लिए गए सिम हासिल करता था।
सोमवार देर रात पुलिस और एसटीएफ ने बाजपुर में ईदगाह के सामने स्थित कादिर के किराये के कमरे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में सिम और तकनीकी उपकरण बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ऐसे था विदेशी कॉल का चेहरा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कादिर ने बताया कि इंटरनेट के जरिए आने वाली विदेशी कॉल को सिम बॉक्स में लगे भारतीय सिम के माध्यम से सामान्य मोबाइल कॉल में बदला जाता था। इससे विदेशी नंबर की कॉल भारतीय मोबाइल नंबर से आती हुई दिखाई दे सकती थी।
पूछताछ में कादिर ने बांग्लादेश निवासी शाहिद से संपर्क होने और इस काम के एवज में हर माह 50 हजार रुपये मिलने की जानकारी भी पुलिस को दी है। अब पुलिस बरामद किए गए सिम कार्डों से हुई कॉल का ब्योरा खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन नंबरों का इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने और किस तरह की गतिविधियों में किया गया।






