50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे शातिर चोर, 2.69 लाख के जेवरात बरामद
हल्द्वानी। लालकुआं के आजाद नगर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने 19 दिन में खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.69 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के अनुसार, आजाद नगर वार्ड नंबर चार निवासी मोहनी देवी पत्नी स्व. रमेश ने 23 अक्तूबर को कोतवाली लालकुआं में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 17 अक्तूबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। एसपी सिटी हरबंस सिंह के निर्देशन, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के आसपास और संभावित ठिकानों के साथ सीमावर्ती जनपदों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पांच नवंबर को मुखबिर की सूचना पर डर्बी जंगल, लालकुआं से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32) और विकास मंडल (28), निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर चार, लालकुआं के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान के कुंडल और पांच चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की कीमत करीब 2.69 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, विशाल मंडल के खिलाफ आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विकास मंडल के खिलाफ जुआ और आबकारी अधिनियम के तीन मामले दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






