दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को 32 लाख का बोनस, छह समितियों में बंटी खुशियां

चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर मिला बोनस, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा बोले- उत्पादकों के हित सर्वोपरि

लालकुआं। दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर बोनस मिलने से दुग्ध उत्पादकों के चेहरे खिल उठे। उत्पादकों ने इसे त्योहार से पहले मिली बड़ी राहत बताते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।

बोनस वितरण कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

उत्पादकों की आर्थिक मजबूती प्राथमिकता

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। विशेष रूप से दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं का योगदान सराहनीय है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही दुग्ध व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा है।

बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उनके परिवारों की खुशियों में भागीदार बनना है। दुग्ध संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इन छह समितियों के उत्पादकों को मिला बोनस

बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया। बोनस मिलने पर उत्पादकों ने खुशी जताई और इसे दीपावली से पहले मिली महत्वपूर्ण सौगात बताया।

कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा एवं मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, अध्यक्ष निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा और मोहन चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • Related Posts

    पूजा बग्गा बनीं ‘क्वीन ऑफ द इवनिंग’, पंजाबी करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने जमाया रंग Video..

    पंजाबी वूमेंस क्लब के आयोजन में सजे रंगारंग कार्यक्रम, गायिका वैशाली के गीतों पर जमकर थिरकीं महिलाएं हल्द्वानी। पंजाबी वूमेंस क्लब की ओर से नैनीताल रोड स्थित रेस्टोरेंट में पंजाबी…

    लेडीज सिलाई सेंटर, पार्लर और अंडरगारमेंट दुकानों में महिला स्टाफ अनिवार्य करने की मांग, करणी सेना ने सौंपा ज्ञापन

    हल्द्वानी। शहर के लेडीज सिलाई केंद्रों, ब्यूटी पार्लरों और महिलाओं के अंडरगारमेंट की दुकानों में महिला स्टाफ नियुक्त करने की मांग को लेकर करणी सेना युवाशक्ति ने सिटी मजिस्ट्रेट एपी…