दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने और हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप, जमीन खरीदने वालों की भूमिका भी जांचेगी पुलिस
खटीमा। जमीन में 100 किलो से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर लाखों रुपये ऐंठने और धमकाकर जमीन कम कीमत पर बिकवाने की साजिश के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पीड़ित को तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर रकम खर्च करने का झांसा दिया गया। इतना ही नहीं, जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराने के साथ हथियार दिखाकर डराने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोमवार को रुद्रपुर में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि भूड़ महोलिया निवासी रणधीर सिंह ने खटीमा कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने उनके पिता उमेश सिंह को जमीन में 100 किलो से अधिक सोना दबा होने का झांसा दिया। इसके बाद कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने भूमि से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी कराए। दस्तावेजों में जमीन के संबंध में करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि उनके पिता को कार में ले जाकर बंधक बनाया गया और हथियार दिखाकर धमकाया गया। दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाने और करीब 10 लाख रुपये नकद लेने के भी आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि इसी दबाव के जरिए जमीन कम कीमत पर बिकवाने की साजिश रची गई।
रणधीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने लक्ष्मण सिंह भाटिया, विवेक कुमार, नंद किशोर, शिव सिंह राणा, मुकेश कुमार और कश्मीर सिंह के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। सोमवार को संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास से लक्ष्मण भाटिया, विवेक कुमार, नंद किशोर और शिव सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
जमीन खरीदने वालों की भूमिका भी जांच के घेरे में
सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि संबंधित भूमि खरीदने वाले व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों और कथित धमकियों की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से जमीन की खरीद-फरोख्त नियमानुसार करने और किसी भी तरह के लालच या गैरकानूनी गतिविधि के झांसे में न आने की अपील की है।






