हल्द्वानी। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में आर्थिक तंगी बाधा न बने, इसके लिए सामाजिक कार्यकर्ता उवैस राजा ने शनिवार को हल्द्वानी के वार्ड नंबर 32 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज इंदिरा नगर, बनभूलपुरा और राजकीय प्राथमिक विद्यालय इंदिरा नगर में 250 स्कूल बैग वितरित किए। नए बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस पहल के तहत ऐसे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई, जिनके पुराने स्कूल बैग फट चुके थे और उन्हें पढ़ाई के लिए नए बैग की जरूरत थी। स्कूल बैग मिलने से बच्चों को अपनी किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री ले जाने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर उवैस राजा ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। किसी भी बच्चे की पढ़ाई आर्थिक स्थिति के कारण प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित भी करते हैं।
उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता करने और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।






