लूट के इरादे से घर में घुसा आरोपी, पेचकस से किया हमला; संदिग्ध हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूट के इरादे से घर में घुसे आरोपी ने घर में मौजूद तीन लोगों पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल कारनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, 76 वर्षीय रजनी कपूर और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल वारदात के पीछे लूट ही वजह थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है, इसकी जांच में जुटी है।






