कैंचीधाम में वीकेंड पर भीड़ से निपटने की तैयारी, यातायात-पार्किंग पर कड़े निर्देश

होटल बुकिंग के बाद ही आने की अपील, शिप्रा नदी में स्नान पर रोक; दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य

नैनीताल। कैंचीधाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने श्रद्धालुओं से होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आने की अपील की। उन्होंने वीकेंड पर एसडीएम, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने को कहा।

परिवहन विभाग को टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने शिप्रा नदी में स्नान पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं, मंदिर समिति को वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने तथा मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित करने की व्यवस्था करने को कहा।

बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम न लगने देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और लंबित डामरीकरण व पैचवर्क का काम शीघ्र पूरा करने को कहा।

बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार समेत मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts

नैनीताल जिले के इन क्षेत्रों में महसूस हुए भूकंप के झटके, घरों से बाहर निकले लोग

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी, लालकुआं समेत आसपास के कई इलाकों में मंगलवार रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जाने की सूचना है। धरती में कंपन महसूस होते ही…

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 30.87 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार…

रामनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रामनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30.87 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के…