हल्द्वानी। नगर में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को UUSDA के क्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित सहायक अभियंता मौजूद रहे।
महापौर ने नगर में चल रही सभी विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए।
महापौर ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। ऐसे में परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करना और उनकी गुणवत्ता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।






