फर्जी दस्तावेज भेजकर जीता भरोसा, टैक्स और शुल्क के नाम पर खाते कराए खाली
देहरादून। फेसबुक पर चल रहे ‘कौन बनेगा करोड़पति’ ऑनलाइन गेम में 8.5 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर साइबर ठगों ने रुद्रप्रयाग के एक व्यक्ति से करीब 1.50 करोड़ रुपये ठग लिए। इनामी रकम और कार दिलाने के नाम पर ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग टैक्स, शुल्क और अन्य मदों में रकम जमा कराई। रकम जुटाने के लिए पीड़ित ने लोगों से उधार तक लिया। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्र के ग्राम किणझाणी निवासी कमल सिंह (54) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 14 जनवरी 2026 से फेसबुक पर चल रहे ऑनलाइन गेम में हिस्सा ले रहे थे। गेम में सही जवाब देने पर 8.5 लाख रुपये इनाम देने का दावा किया गया। पहली बार में ही उन्हें इनाम जीतने की बात बताई गई। इसके बाद नितिन नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर इनाम जारी करने के नाम पर पहले 1550 रुपये टैक्स जमा कराया।
इसके बाद अलग-अलग व्हाट्सएप नंबरों से संपर्क कर उन्हें कई करोड़ रुपये और एक चार पहिया वाहन जीतने की जानकारी दी गई। विश्वास में लेने के लिए मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाले फर्जी दस्तावेज के साथ रिजर्व बैंक के नाम से भी कथित दस्तावेज भेजे गए। इसके बाद अलग-अलग शुल्क और टैक्स के नाम पर रकम मांगी जाती रही।
शिकायत के अनुसार, कमल सिंह ने 30 मार्च से 16 सितंबर 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये जमा कर दिए। रकम बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, चमोली कोऑपरेटिव बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के माध्यम से ऑनलाइन और नकद जमा कराई गई। लगातार भुगतान के बावजूद इनामी रकम नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
साइबर थाना प्रभारी देवेंद्र नबियाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप संपर्कों की जांच कर रही है।






