15 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, ज्वालापुर नहर पटरी से आरोपी कलीम गिरफ्तार
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 वर्षीय किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी किशोरी का जीजा बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को शक्तिनगर कॉलोनी, सुल्तानपुर मजरी निवासी महिला ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को उसका जीजा कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी, रुड़की बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 297/2026 दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित टीमों ने किशोरी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 21 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कलीम (25) को नहर पटरी, ज्वालापुर से हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 25 अगस्त को किशोरी को अपने साथ शिमला ले गया था। परिजनों की ओर से मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह किशोरी को लेकर वापस लौट रहा था। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कराने और नियमानुसार मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






