समाज का दावा—शिकायतकर्ता का वाल्मीकि समाज से कोई संबंध नहीं, निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रामलीला मैदान में हुई सभा के बाद उपजे विवाद में नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज शिकायत को लेकर सोमवार को वाल्मीकि समाज में आक्रोश देखने को मिला। समाज के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वाल्मीकि समाज के चौधरी अमरदीप ने कहा कि रामलीला मैदान प्रकरण को लेकर अमित कुमार पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी जवाहर नगर कॉलोनी, वार्ड नंबर-15 की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। समाज के लोगों के अनुसार शिकायत में शिकायतकर्ता ने स्वयं को अनुसूचित जाति की उपजाति वाल्मीकि समाज से संबंधित बताया है।

समाज के पदाधिकारियों का दावा है कि उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई है और शिकायतकर्ता अमित कुमार का वाल्मीकि समाज से कोई संबंध नहीं है। इस संबंध में समाज की ओर से सोशल मीडिया पर भी खंडन किया जा चुका है।
समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता द्वारा वाल्मीकि समाज के नाम का इस्तेमाल कर समाज को बदनाम करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायतकर्ता की पहचान और उसके दावों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समाज को बदनाम करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वाल्मीकि समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और पुलिस को पूरे प्रकरण की वास्तविकता सामने लानी चाहिए।
इस दौरान चौधरी अमरदीप, चौधरी सुरेश लाल, चौधरी दिनेश, विजय पाल, चौधरी सुनील, राहुल पुजारी, पंतनगर से पहुंचे मनोहर वाल्मीकि, मुकेश, विश्वास चौहान, नीरज नैथानी, राजेश, राजेश खन्ना, विजय, अर्जुन, सिद्धार्थ चौहान, अरुण, अलंकार, जयपाल, जगदीश, मंजीत, कपिल, कैलाश, श्याम, रजत और चमन समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।






