रुद्रपुर। साईं मंदिर खेड़ा क्षेत्र में फायरिंग की घटना के बाद मचे हड़कंप के बीच रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी संदीप उर्फ चिड़ी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर की रात साईं मंदिर खेड़ा क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में हर्षित बाल्मीकि निवासी खेड़ा वार्ड नंबर-19 की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और तलाश के बाद 4 सितंबर को बीएचईएल के पास एफएसएल जाने वाली सड़क से दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज चौहान (20) निवासी रेशमबाड़ी खेड़ा और संदीप उर्फ चिड़ी निवासी रेशमबाड़ी खेड़ा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान संदीप उर्फ चिड़ी के पास से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आरोपियों पर शिकंजा कस गया है।






